

मुरैना : नगर निगम की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। वार्ड क्रमांक 40 के गादीपाल क्षेत्र स्थित पार्षद वाली गली के चौराहे पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर खुले पड़े सीवर चेंबर और पानी निकासी की खराब व्यवस्था के कारण इलाके में हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
बच्चों से भरी स्कूल वैन हादसे का शिकार होते-होते बची
मंगलवार सुबह जलभराव के बीच गुजर रही एक स्कूल वैन खुले सीवर चेंबर में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटने की स्थिति में पहुंच गया, लेकिन समय रहते चालक ने स्थिति संभाल ली। वैन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
एक महीने पहले की शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में जलभराव, गंदगी और सीवर की समस्या को लेकर करीब एक माह पहले सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार जमा गंदे पानी से बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है।
राहगीरों और स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ीं
जलभराव के कारण लोगों को रोजाना लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले सीवर चेंबर किसी भी समय बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं।
नगर निगम के खिलाफ बढ़ा आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों ने मांग की है कि खुले सीवर चेंबरों को तुरंत बंद कराया जाए, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।











