पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच लगातार नए मोड़ ले रही है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम अब राजस्थान पहुंची, जहां मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की गुप्त शादी होने की आशंका जताई गई थी। पुलिस को उम्मीद थी कि मंदिर से दोनों के रिश्ते से जुड़े अहम सबूत मिल सकते हैं, लेकिन शुरुआती जांच में ऐसा कोई पुख्ता प्रमाण हाथ नहीं लगा।

सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेजों की जांच

क्राइम ब्रांच ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की। हालांकि जांच के दौरान ऐसा कोई वीडियो, रजिस्टर एंट्री या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे दोनों की कथित शादी की पुष्टि हो सके।

डिजिटल रिकॉर्ड बने जांच का नया आधार

पुलिस के अनुसार, मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड से संकेत मिले थे कि सिया गोयल और चेतन चौधरी पिछले वर्ष दिसंबर में राजस्थान आए थे। इसी जानकारी के आधार पर जांच टीम मंदिर पहुंची। अधिकारियों का मानना है कि यदि दोनों के बीच पहले से वैवाहिक संबंध साबित होते हैं, तो हत्या के पीछे की कथित साजिश और उसके मकसद को समझने में बड़ी मदद मिल सकती है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 18 जून का है। आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को ट्रैकिंग के बहाने पुणे के लोहागढ़ किले पर बुलाया और वहां खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हर एंगल से जांच जारी

फिलहाल पुलिस मोबाइल चैट, लोकेशन डेटा, डिजिटल साक्ष्य और अन्य परिस्थितिजन्य सबूतों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां तलाश रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है और नए सबूत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!