

सूरजपुर: डिजिटल भारत - विकसित सूरजपुर’’ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा 16, 17 एवं 18 जुलाई 2026 को विभिन्न सेवाओं का वृहद अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील ने जिलेवासियों से हार्दिक अपील करते हुए कहा है कि यह अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आवश्यक डिजिटल सेवाओं को नागरिकों तक सुगमता से पहुँचाने का एक स्वर्णिम अवसर है, अतः प्रत्येक पात्र नागरिक इसका भरपूर लाभ उठाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत के मंगल भवन में तीनों दिन आधार शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहाँ नए आधार कार्ड हेतु पंजीयन के साथ-साथ आधार में सुधार, पता, मोबाइल नंबर एवं बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त इसी मंगल भवन में किसानों के लिए एग्रीस्टैक (किसान पंजीयन) के अंतर्गत पंजीयन, फसल विवरण एवं भूमि सत्यापन जैसी कृषि संबंधी सेवाएं, श्रमिकों के लिए लेबर केवाईसी तथा विद्यार्थियों के लिए ’’वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी’’ के रूप में अपार आईडी बनाने की व्यवस्था भी की गई है।
नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान शिविर का आयोजन जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में किया जाएगा, जहाँ पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए जाएंगे। इन कार्डों का निर्माण डोर टू डोर सर्वेक्षण एवं शिविरों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही, विशेषकर वरिष्ठजन, स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रह सके।
इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि उन्हें ये सुविधाएं उनके निकट ही सुलभ होंगी। शिविरों में प्रशिक्षित ऑपरेटरों द्वारा सहायता प्रदान की जाएगी तथा समस्त प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी एवं सरल रखा गया है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर रेना जमील ने विशेष रूप से वरिष्ठजनों, किसानों, श्रमिकों एवं विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस तीन दिवसीय वृहद अभियान का लाभ अवश्य उठाएं तथा अपने-अपने संबंधित कार्ड एवं पंजीयन समय रहते पूर्ण करा लें। उन्होंने जिलेवासियों से यह भी अपील की कि वे स्वयं सेवाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोसियों एवं आस-पड़ोस के छूटे हुए पात्र लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें। कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया कि व्यापक जन-सहभागिता से यह अभियान निश्चित ही सफल होगा और ’’विकसित सूरजपुर’’ एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।











