

राउरकेला: प्लांटसाइट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिसरा चौक क्षेत्र में डकैती की साजिश रच रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संभावित बड़ी वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिसरा चौक स्थित ट्रैफिक मार्केट पार्किंग परिसर में कुछ संदिग्ध युवक घातक हथियारों के साथ जमा होकर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो लोहे की तलवार, एक भुजाली (काती) और दो लोहे की रॉड बरामद की गईं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राहगीरों, आसपास के मकानों, दुकानों और पेट्रोल पंप को निशाना बनाने की फिराक में थे।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, समय रहते की गई कार्रवाई से एक गंभीर आपराधिक घटना टल गई। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।











