

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। सेक्टर-67 की अंसल अरसालिया सोसाइटी की पार्किंग में एक महिला द्वारा चलाई जा रही थार की चपेट में आने से घरेलू सहायिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पार्किंग में आराम कर रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली गुड्डी गुरुग्राम में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं। रोज की तरह काम के दौरान वह सोसाइटी की पार्किंग में कुछ देर आराम कर रही थीं। इसी दौरान लाल रंग की थार पार्किंग में पहुंची। आरोप है कि वाहन को पीछे करते समय चालक महिला ने गुड्डी को नहीं देखा और गाड़ी उनके ऊपर चढ़ गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गुड्डी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि थार चला रही महिला लापरवाही से वाहन चला रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया कि हादसे के बाद महिला अस्पताल गई, लेकिन बाद में वापस सोसाइटी लौटकर अपने फ्लैट चली गई।
पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं।











