

छत्तीसगढ़ में दो दिन बदलेगा मौसम, कई जिलों के लिए बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है और अधिकांश इलाकों में बारिश का सिलसिला थम गया है। हालांकि अब मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है। 15 और 16 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।
आज कई जिलों में बरस सकते हैं बादल
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
16 जुलाई को और सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है। जिन क्षेत्रों में बारिश और वज्रपात की संभावना है, वहां आवश्यक सावधानी बरतने की अपील भी की गई है।











