बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को नगर पंचायत के एक प्लेसमेंट कर्मचारी चौकीदार के साथ मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अज्ञात नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, शंकर नाग (38 वर्ष), पिता परदेसी नाग, निवासी ग्राम सेमरा, नगर पंचायत राजपुर में चौकीदार प्लेसमेंट कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे घर से खाना खाकर ड्यूटी के लिए निकले थे। रास्ते में सेमरा बाड़ी स्थित सागौन जंगल के पास तीन नकाबपोश युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और धक्का देकर उन्हें वाहन सहित गिरा दिया।

पीड़ित के अनुसार, बदमाश उन्हें करीब 20–25 मीटर तक जंगल के भीतर ले गए, जहां मुक्के और लात से बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उनकी टी-शर्ट की जेब में रखे ₹1000 नकद निकाल लिए। आरोप है कि बदमाशों ने उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और जंगल में छोड़कर फरार हो गए।बदमाश आरोपी की एसपी साइन बाइक, वीवो मोबाइल और पैसा लेकर फरार हो गए।

काफी देर तक संघर्ष करने के बाद शंकर नाग किसी तरह रस्सी खोलने में सफल हुए और अपने परिचित के साथ राजपुर थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को अंजाम देने वाले तीनों नकाबपोश आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!