छत्तीसगढ़ : बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे 15 वर्षीय छात्र पर पिता-पुत्र ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

क्रिकेट खेलकर लौटते समय हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, महिमा नगर निवासी रामकुमार नायक ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार उनका 15 वर्षीय भांजा शिवम नायक उर्फ शिब्बू शनिवार रात अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था। आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास शिवम के सड़क किनारे थूकने के दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक के पैर पर थूक गिरने से दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

कहासुनी के बाद दोबारा लौटे आरोपी

शिकायत में कहा गया है कि शुरुआती विवाद के बाद छात्र अपने साथियों के साथ आगे बढ़ गया था। कुछ समय बाद आरोपी युवक अपने पिता के साथ स्कूटी से वापस मौके पर पहुंचा और छात्र का रास्ता रोक लिया।

पिता ने पकड़े हाथ, बेटे ने किए चाकू से कई वार

आरोप है कि पिता ने छात्र के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि बेटे ने धारदार चाकू से उसके सीने और पेट पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलने के बाद सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

मामूली विवाद से गंभीर वारदात

यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि छोटे-छोटे विवाद भी हिंसक रूप ले रहे हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हमले के कारणों तथा घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!