कोरबा: कोरबा जिले के पसान क्षेत्र से जनपद उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता प्रकाश चंद्र जाखड़ के खिलाफ एक महिला द्वारा गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने महिला थाना कोरबा में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि जनप्रतिनिधि ने शराब के नशे में उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ की, विरोध करने पर उसके परिवार के साथ मारपीट की तथा जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

महिला थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार घटना 3 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच ग्राम तराईंनार, पसान की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि वह उस समय घर में खाना बना रही थी, जबकि उसका पति घर के बाहर काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी कथित रूप से घर में घुस आया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ की कोशिश की।महिला का आरोप है कि विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने मामले को दबाने के लिए पैसे का प्रलोभन देने के साथ किसी को जानकारी न देने की धमकी भी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला की आवाज सुनकर पहुंचे उसके पति और ससुर के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए परिवार को अपमानित किया तथा अपने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर राशन कार्ड और आवास योजना बंद कराने, गांव से बाहर निकलवाने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी।
महिला और उसके परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि प्रकाश चंद्र जाखड़ का नाम इससे पहले भी एक अन्य मामले में चर्चा में आ चुका है। हालांकि, वर्तमान मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस मामले में समाचार लिखे जाने तक जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़ अथवा भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!