

छत्तीसगढ़ : सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मरीजों को इलाज नहीं मिलने के आरोपों को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर अपोलो हॉस्पिटल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को भेजा पत्र
तोखन साहू ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उनके संसदीय क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों और आम नागरिकों को अस्पताल में अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस कारण जरूरतमंद मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकारी योजनाओं के तहत इलाज से इनकार का आरोप
केंद्रीय मंत्री ने पत्र में कहा कि जिला स्वास्थ्य अधिकारियों की ओर से खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना और मुख्यमंत्री सहायता योजना के तहत मरीजों को इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है। इसके बावजूद अपोलो हॉस्पिटल इन योजनाओं के अंतर्गत उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग नहीं कर रहा है, जिससे पात्र मरीज प्रभावित हो रहे हैं।
मामले में हस्तक्षेप की मांग
तोखन साहू ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को बिना किसी बाधा के उपचार की सुविधा उपलब्ध हो। उनका कहना है कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।











