अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चठीरमा स्थित स्वस्तिक ढाबा में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद 50 हजार 900 रुपये, ताश की गड्डी, एक चारपहिया वाहन और चार दोपहिया वाहन समेत करीब 8 लाख रुपये से अधिक संपत्ति जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा  राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को गांधीनगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चठीरमा स्थित स्वस्तिक ढाबा के परछी में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आठ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, 50,900 रुपये नगद, एक चारपहिया वाहन तथा चार दोपहिया वाहन जब्त किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारतीय मारकण्डे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक विवेक चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, आरक्षक अमृत सिंह एवं सैनिक संतोष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!