

बलरामपुर। बलरामपुर की जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में लगातार हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक एवं उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो स्कूटी तथा सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार पहले मामले में अपराध क्रमांक 64/2026 19-20 जून 2026 की दरम्यानी रात तिवारी कॉलोनी, कुसमी निवासी तसिया एक्का के किराये के मकान की खिड़की की जाली उखाड़कर अज्ञात चोर घर में घुसा और स्कूटी की चाबी निकालकर बाउंड्री के भीतर खड़ी टीवीएस जुपिटर (CG 14 MQ 0463) चोरी कर फरार हो गया। मामले में धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी दौरान 1-2 जुलाई 2026 की रात कुसमी के वार्ड क्रमांक 4, जशपुर रोड निवासी चंदन गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, एप्पल मोबाइल तथा बाहर खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी चोरी कर ली। इस मामले में भी धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
लगातार हुई दो चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन तथा एसडीओपी कुसमी आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक एवं चोरी का सामान छिपाने में सहयोग करने वाले सुरेंद्र नगेशिया को अंबिकापुर से पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के बाद दोनों मामलों में चोरी गई दो स्कूटी, सोने-चांदी के आभूषण सहित लगभग 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया।पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक एवं सह-आरोपी सुरेंद्र नगेशिया को गुरुवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना कुसमी एवं सामरी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिनमें सउनि दीपक बड़ा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निरेंद्र भंडारी, जयश्री वर्मा, प्रधान आरक्षक विकास कुजूर, संजय साहू तथा आरक्षक मनोज लकड़ा, धीरेंद्र चंदेल एवं विकास भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











