

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में एक बार फिर बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पांच अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से महानदी भवन से जारी आदेश के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को पद से हटाकर मंत्रालय भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें करीब दो महीने पहले ही जिले का कलेक्टर बनाया गया था। इससे एक दिन पहले भी राज्य सरकार ने आठ आईएएस और 19 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले किए थे।
विजय दयाराम को मिली GPM कलेक्टर की जिम्मेदारी
सरकारी आदेश के अनुसार, संतोष कुमार देवांगन को स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।
हेमंत नंदनवार को तकनीकी शिक्षा विभाग की कमान
महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार को संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण के पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण का प्रबंध संचालक (एमडी) का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
सुमित अग्रवाल बने SUDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी
दुर्ग नगर निगम के आयुक्त सुमित अग्रवाल को अब छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के साथ ही रिमिजियुस एक्का को इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
अनुपमा आनंद को मिला पदोन्नति का लाभ
सरायपाली की एसडीएम अनुपमा आनंद को पदोन्नत करते हुए जिला पंचायत महासमुंद का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है। नई जिम्मेदारी के साथ वे जिले में ग्रामीण विकास और पंचायत से जुड़ी योजनाओं के संचालन की कमान संभालेंगी।
प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद
राज्य सरकार के इस ताजा फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय, विभागीय दक्षता बढ़ाने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार ने लगातार दूसरे दिन बड़े पैमाने पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर प्रशासनिक मशीनरी को नई दिशा देने का संकेत दिया है।
देखें लिस्ट –













