रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका व्यक्त की गई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बुधवार को अधिकांश जिलों में दर्ज हुई वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

आज इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरिया, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव और कांकेर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है।

सतर्क रहने की सलाह

बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही अपनी गतिविधियां तय करने की सलाह दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!