Oplus_16908288

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया।

पीएम अल्बनीज ने किया स्वागत

सीईओ फोरम में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने साथ में तस्वीर खिंचवाई और भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।

2012 से सक्रिय है सीईओ फोरम

भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम वर्ष 2012 से सक्रिय है। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एंथनी अल्बनीज ने इसे नए स्वरूप में फिर से शुरू किया था। यह मंच दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

आर्थिक समृद्धि के लिए देता है सुझाव

सीईओ फोरम की बैठक हर वर्ष आयोजित होती है। यह मंच दोनों देशों के शासनाध्यक्षों को आर्थिक समृद्धि बढ़ाने के उपायों पर सुझाव देता है। साथ ही वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों के जरिए भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कार्य करता है।

वार्षिक शिखर सम्मेलन की भी करेंगे सह-अध्यक्षता

प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ तीसरे वार्षिक भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। इसके अलावा वह विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक कर भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को सभी क्षेत्रों में और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे।

गवर्नर जनरल से भी करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे। मेलबर्न में वह भारतीय प्रवासी समुदाय की एक बड़ी सभा को भी संबोधित करेंगे।

भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत

बुधवार शाम मेलबर्न पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। ठंडे मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोग उनके होटल के बाहर पहुंचे और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के स्वागत को “अविस्मरणीय” बताते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा द्वारा प्रस्तुत ‘मां तुझे सलाम’, ऑस्ट्रेलिया के पारंपरिक वाद्य डिड्ज़ेरिडू और भारतीय तबले की जुगलबंदी तथा कथक नृत्य प्रस्तुति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रीय कला और संस्कृति का ऑस्ट्रेलिया में बढ़ता प्रभाव दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत कर रहा है।

तीन देशों के दौरे पर हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी वर्तमान में तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं। ऑस्ट्रेलिया के बाद वह न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे, जहां दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!