

अंबिकापुर: विकासखंड अंबिकापुर के शासकीय हाई स्कूल घंघरी में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।
इस कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया, जनपद सदस्य भारती राजवाड़े, मनीष नी और अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रेमानंद विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा, दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।समारोह के दौरान गत शैक्षणिक सत्र में पढ़ाई, खेल, सांस्कृतिक और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 35 विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और शाला प्रवेश उत्सव बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया ने शासन की शिक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी बच्चों तक इनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
विद्यालय की प्राचार्य डॉ. उमा सिंह ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव बच्चों के सपनों, अभिभावकों की उम्मीदों और शिक्षकों के समर्पण का उत्सव है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम लगातार शत-प्रतिशत रहा है। इस वर्ष कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल 24 विद्यार्थियों में से 16 ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सारिका मिश्रा ने किया। अंत में अतिथियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद सभी ने न्योता भोज में शामिल होकर कार्यक्रम का समापन किया।










