जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बारिश के बीच एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाले लावा नदी एनीकेट में गिरी एक जीप को बाहर निकालने के लिए प्रशासन को बांध का पानी खाली करना पड़ा। जीप निकालने के लिए लाखों लीटर पानी बहाना पड़ा, जिसके बाद क्रेन की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, जशपुर मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर लावा नदी पर बने एनीकेट के ऊपर संकरे मार्ग से एक जीप गुजर रही थी। उस समय एनीकेट में करीब 8 से 9 फीट पानी भरा हुआ था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और जीप सीधे पानी में जा गिरी।

जीप में सवार दोनों लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन वाहन पूरी तरह पानी में डूब गया। काफी प्रयास के बाद भी जीप निकालने का कोई रास्ता नहीं निकला। इसके बाद करीब 18 घंटे बाद एनीकेट का गेट खोलकर लाखों लीटर पानी छोड़ा गया, ताकि जलस्तर कम होने पर वाहन को बाहर निकाला जा सके।

पानी कम होने के बाद प्रशासनिक अमला, बचाव दल और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में क्रेन की सहायता से डूबी हुई जीप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद प्रशासन ने बारिश के दौरान जलाशयों और एनीकेट के ऊपर बने मार्गों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!