रायपुर: राजधानी रायपुर के नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 8 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां 338 से अधिक पदों पर भर्ती करेंगी।

सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा आयोजन

रोजगार मेला 8 जुलाई को शासकीय कन्या पॉलीटेक्निक कॉलेज, बैरन बाजार, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी, जहां अभ्यर्थियों का सीधे साक्षात्कार लिया जाएगा।

इन कंपनियों में मिलेगा नौकरी का अवसर

उप संचालक डॉ. शशिकला अतुलकर ने बताया कि रोजगार मेले में स्क्वेयर बिजनेस सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड, टेक्नोटास्क बिजनेस सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड, डब्ल्यूआईओ एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड और यूनीक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड सहित कई कंपनियां भाग लेंगी।

10वीं पास से ग्रेजुएट तक कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक, बीबीए और डिप्लोमा इन कंप्यूटर सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। कंपनियां योग्यता के अनुसार अलग-अलग पदों पर चयन करेंगी।

ये दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी

रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा की प्रतियां और पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। इसके अलावा साक्षात्कार में शामिल होने के लिए 'छत्तीसगढ़ रोजगार एप' के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य रहेगा।

भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क

रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। अभ्यर्थी रिक्त पदों, शैक्षणिक योग्यता, वेतनमान और कार्यस्थल से जुड़ी विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की वेबसाइट या जिला रोजगार कार्यालय, रायपुर से प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!