जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। रांझी थाना क्षेत्र के मढ़ई इलाके में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना अनुमति एक मकान में चर्च संचालित किया जा रहा था और लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

महिला ने लगाए प्रलोभन देने के आरोप

स्थानीय महिला का आरोप है कि उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने का फायदा उठाकर एक महिला, जिसे वह लक्ष्मी आंटी के नाम से जानती है, ने उसे धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया। महिला के अनुसार, उसे कहा गया कि धर्म परिवर्तन करने पर 5 हजार रुपये, बच्चों की पढ़ाई का खर्च और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही यह भी दावा किया गया कि नए लोगों को जोड़ने वालों को भी आर्थिक लाभ दिया जाता है।

घर में चर्च चलने का दावा

वीएचपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिस मकान में धार्मिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं, वहां हॉटर्न फिलिप्स नामक व्यक्ति मौजूद था, जिसे उन्होंने कथित पादरी बताया। संगठन का यह भी दावा है कि मौके से कुछ ऐसी सामग्री मिली है, जिसमें हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें और नारे लिखे हुए थे। हालांकि इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ित महिला की शिकायत के बाद रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से कुछ सामग्री जब्त कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!