

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतरापारा में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक माँ और उसकी नाबालिग बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पतरापारा निवासी प्रमोद कुमार टेकाम (22 वर्ष) ने थाना राजपुर में मर्ग सूचना दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी परिजन मानती टेकाम (33 वर्ष) एवं उनकी पुत्री कुमारी विमला टेकाम (14 वर्ष) खेत में कार्य करने गई थीं।दोपहर लगभग 2:10 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों पास में स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ के समीप गिरी, जिसकी चपेट में आने से माँ और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा एवं गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, खेतों या पेड़ों के नीचे शरण न लें। ऐसे समय सुरक्षित भवन या अन्य सुरक्षित स्थान पर रहें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।











