गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और जलाशयों से दूर रहने की सलाह

बलरामपुर। वर्षा ऋतु के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। जिला प्रशासन द्वारा जनहानि की संभावनाओं को कम करने और लोगों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नागरिकों को मौसम संबंधी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की सलाह दी गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने आमजनों से अपील करते हुए कहा है कि मौसम खराब होने, तेज गरज-चमक या आकाशीय बिजली की आशंका होने पर तत्काल किसी पक्के भवन अथवा बंद वाहन में शरण लें। खेतों, खुले मैदानों, पहाड़ी क्षेत्रों, जलाशयों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों पर ध्यान दें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।

यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर फंस जाए तो दोनों पैरों को साथ रखकर नीचे झुक जाएं, सिर नीचे रखें और हाथ घुटने पर रखकर सुरक्षित स्थिति में रहें। ऐसी स्थिति में जमीन पर पूरी तरह लेटने से बचें तथा आसपास मौजूद अन्य लोगों से उचित दूरी बनाए रखें। साथ ही उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा अथवा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। यदि प्रभावित व्यक्ति की सांस या नाड़ी नहीं चल रही हो तो प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा सीपीआर प्रारंभ किया जा सकता है तथा उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वर्षाकाल के दौरान सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने तथा गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने का आग्रह किया है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!