बलरामपुर:  अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से बुधवार को वाड्रफनगर स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अंतर्राज्यीय बॉर्डर मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर सीमा से जुड़े अपराधों पर संयुक्त रणनीति तैयार की।

पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसडीएम वाड्रफनगर नीरनिधि नंदेहा और एसडीओपी राम अवतार ध्रुव ने की। बैठक में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन, मवेशी तस्करी, गांजा, शराब व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, वारंटियों की गिरफ्तारी, चेक पोस्ट पर नियमित जांच, नाकाबंदी, साइबर अपराध और सीमा क्षेत्रों में अपराधियों की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में विभिन्न राज्यों के अधिकारियों ने आपराधिक रिकॉर्ड साझा करने, विवेचना के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान तथा किसी भी घटना पर त्वरित सूचना और कार्रवाई के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। साथ ही सीमा क्षेत्रों में तैनात पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए एक साझा व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया, जिसके माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जाएगा।

बैठक में उत्तर प्रदेश के बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव, मध्य प्रदेश के सीएसपी उमेश प्रजापति, बैढ़न थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, झारखंड के एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह सहित तीनों राज्यों के कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ की ओर से सनावल, रघुनाथनगर, वाड्रफनगर और बलंगी क्षेत्र के थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!