कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सिंघनपुरी जंगल थाना क्षेत्र के कुरूवा गांव में सात लोगों पर एक परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगा है। इस घटना में एक महिला सहित परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

खंभे गाड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार विवाद जमीन पर लकड़ी के खंभे लगाने को लेकर शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि सात लोग घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

घटना के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी मारपीट रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में कथित तौर पर हमलावरों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है, जिसे पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई के लिए अहम साक्ष्य बताया है।

एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद वे पूरी रात सिंघनपुरी जंगल थाने के बाहर बैठे रहे, लेकिन उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज परिवार ने उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।

एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार

थाने में कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!