दुर्ग। दुर्ग जिले में अवैध नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नेवई थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर के सामने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेच रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान उसके कब्जे से करीब 52 हजार रुपये कीमत की नशीली टेबलेट बरामद की है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि भिलाई के स्टेशन मरोदा स्थित शीतला तालाब के पास शिवपारा क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से नशीली टेबलेट की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

16.12 ग्राम नशीली टेबलेट बरामद

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान स्टेशन मरोदा निवासी 22 वर्षीय सुजल सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से ALPRAZOLAM TABLET I.P. 0.5 mg (ALPRAWIN 0.5) की 13 पत्तियां बरामद हुईं। जब्त टेबलेट का कुल वजन 16.12 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 52 हजार रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। पुलिस मामले में यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को नशीली टेबलेट की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!