

प्रतापपुर/सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बैकोना मझपारा स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में 25 जून, गुरुवार को दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच अचानक मौसम खराब होने और तेज गर्जना के साथ हुई आकाशीय बिजली की घटना में कक्षा में अध्ययनरत चार छात्राएं इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय छात्राएं कक्षा के भीतर बैठकर पढ़ाई कर रही थीं। अचानक तेज गर्जना और आकाशीय बिजली के प्रभाव से चारों छात्राएं असहज होकर गिर पड़ीं, जिससे विद्यालय में मौजूद शिक्षक एवं अन्य छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना आपातकालीन सेवा डायल 112 को दी।सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम लगभग आधे घंटे के भीतर मौके पर पहुंची और सभी घायल छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रतापपुर पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी छात्राओं की स्थिति फिलहाल सामान्य एवं खतरे से बाहर है तथा उनका स्वास्थ्य लगातार निगरानी में रखा गया।
इस घटना के बाद विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित विद्यालय में तड़ित चालक (Lightning Arrester) की व्यवस्था नहीं है। यदि विद्यालय भवन में तड़ित चालक स्थापित होता, तो आकाशीय बिजली से होने वाले संभावित खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
बरसात का मौसम शुरू होते ही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में विद्यालयों में अध्ययनरत सैकड़ों बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने शासन, शिक्षा विभाग और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विद्यालय सहित सभी शासकीय विद्यालयों में तत्काल तड़ित चालक स्थापित कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना से बचा जा सके।समय रहते उचित सुरक्षा उपाय किए जाना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।



















