

कोरिया। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड से एक दुखद मामला सामने आया है। कोटाडोल थाना क्षेत्र के ग्राम करचा में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला का शव जंगल क्षेत्र में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि गांव में हुए एक आपसी विवाद के बाद दोनों पक्ष कोटाडोल थाना पहुंचे थे। उनका कहना है कि थाना में हुई कार्रवाई और कथित तौर पर मिली चेतावनी के बाद महिला काफी तनाव में थी। परिवार के मुताबिक, घर लौटने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रही थी।

अगले दिन सुबह महिला घर से निकली और बाद में उसका शव जंगल क्षेत्र में मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला पर अनावश्यक दबाव बनाया गया, जिसकी वजह से वह तनाव में आ गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




















