

बैकुंठपुर: रक्षित केंद्र बैकुंठपुर में बुधवार को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय मुख्यालय माउंट आबू (राजस्थान) से पहुंचे ब्रह्मा कुमार हितेश टुटेजा एवं ब्रह्मा कुमार दत्ता रोकड़े ने पुलिस एवं नगर सेना के जवानों को तनावमुक्त जीवन और नशामुक्ति के महत्व पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया।
वक्ताओं ने मानव जीवन की विभिन्न परिस्थितियों और चुनौतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सकारात्मक सोच, आत्मनियंत्रण और अनुशासित जीवनशैली के माध्यम से व्यक्ति सफलता की ओर अग्रसर हो सकता है। उन्होंने जवानों को नशे से दूर रहकर समाज और राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य तथा जीवन मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय इकाई बैकुंठपुर की संचालिका ब्रह्म कुमारी रेखा बहन, आशा बहन, रूपा बहन, संजू बहन, रक्षित निरीक्षक नीतीश आर. नायर, निरीक्षक शीतल सिदार तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




















