

रायपुर: राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी करीब चार घंटे तक शिविर में मौजूद रहेंगे और जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। उनके आगमन से पहले ही भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान राम के ननिहाल माने जाने वाले छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे।
पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किस तरह का प्रशिक्षण देने आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग होगी या फिर "आलू से सोना निकालने" जैसे बयान सिखाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता अब इस तरह की राजनीति और बयानों को समझ चुकी है।
भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस के पूर्व विधायक Vikas Upadhyay ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं और राजनीतिक सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने पुरंदर मिश्रा को "एक्सीडेंटल विधायक" बताते हुए कहा कि वे अनावश्यक विवाद खड़ा कर चर्चा में बने रहना चाहते हैं।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, वहीं भाजपा नेताओं के बयान से प्रदेश का सियासी पारा भी चढ़ गया है। अब सभी की नजरें अभनपुर में होने वाले प्रशिक्षण शिविर और राहुल गांधी के संबोधन पर टिकी हैं।





















