

डीएवी पतरातु में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
बलरामपुर/राजपुर। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु में योग करके निरोग रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ-साथ जन-प्रतिनिधि के रूप में शशिकला भगत, जयंती कुजूर ने भी योग की क्रियाविधि में हिस्सा लिया। सबने मिलकर प्राणायाम, ध्यान और विभिन्न योगासनों के माध्यम से मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को विकसित करने का संदेश दिया ।
योग न केवल भारत की प्राचीन परंपरा का अनमोल उपहार है, बल्कि योग आज पूरी दुनिया के लिए सेहतमंद जीवन का रास्ता भी बन गया है। योग न केवल एक शारीरिक क्रिया है, बल्कि एक प्राचीन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा भी है, जिसका भारत के इतिहास, दर्शन और संस्कृति में गहरा प्रभाव है ।
ग़ौरतलब है कि भारत के पहल के बाद योग को अंतर्राष्ट्रीय दर्ज़ा हासिल हुआ तथा वर्ष 2015 से 21 जून को हर साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में मनाए जाने की विशेष परम्परा स्थापित हुई। इस बार के योग दिवस की थीम है “योग फॉर हेल्दी एजिंग”। इस थीम से यह ज़ाहिर होता है कि बढ़ती उम्र के साथ-साथ हमें शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सक्रिय, स्वस्थ और ऊर्जावान बने रहना है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष शशिकला भगत ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग न केवल हमारी हड्डियों और मांसपेशियों को मज़बूत बनाता है, बल्कि योग से शरीर रोगमुक्त, मन शांत व तनावमुक्त भी रहता है । वहीं विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग निरोग रहने का उत्तम माध्यम है। हमें दिन की शुरुआत योग से ही करना चाहिए ताकि हमारा शरीर स्वस्थ बना रहें।





















