

बलरामपुर/ राजपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजपुर के मंडी प्रांगण एवं थाना परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नियमित योग करने का संकल्प लिया।
मंडी प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एसडीएम देवेंद्र प्रधान, तहसीलदार कावेरी मुखर्जी,जनपद पंचायत राजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, जनपद अध्यक्ष विनय भगत ,नगर पंचायत सीएमओ रविंद्र लाल, जनप्रतिनिधि शिवनाथ यादव, शिवनाथ जायसवाल, प्रवीण अग्रवाल, जागवंशी यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

वहीं थाना राजपुर परिसर में थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और अनुशासित जीवन का आधार है। नियमित योग करने से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है, कार्यक्षमता बढ़ती है तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।






















