

कोरिया/मनेन्द्रगढ़। कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक के नौगई गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड मामले में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले में चार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है, जबकि फरार चल रहे एक अन्य गौरव त्रिपाठी आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद हत्याकांड में चिन्हित सभी नौ आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
एडिशनल एसपी ने बताया कि मनोज त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे एक अन्य आरोपी गौरव त्रिपाठी को पुलिस ने पकड़ लिया है। मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी जल्द ही पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर साझा की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, नौगई तिहरे हत्याकांड में कुल नौ आरोपियों की पहचान की गई थी। इनमें से चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। शनिवार को चार आरोपियों के आत्मसमर्पण और एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूरे मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।
गौरतलब है कि 16 जून की रात नौगई गांव में भाजपा से जुड़े एक स्थानीय नेता समेत तीन लोगों को कथित तौर पर कार में पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया था। इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल कोरिया जिले, बल्कि पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड में शामिल कुछ आरोपियों का संबंध भाजपा से बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजहों और आरोपियों की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का काम जारी है। इस बहुचर्चित हत्याकांड को लेकर क्षेत्र के लोगों में अब भी आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है।





















