

बलरामपुर। जिले के ग्राम राधानगर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समस्या का त्वरित समाधान हुआ। गांव के किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि निजी व्यक्ति द्वारा धमनी जलाशय योजना के नहर के जल प्रवाह को प्रस्तावित दिशा से परिवर्तित कर अतिक्रमण कर उसे पाट दिया गया है, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अतिक्रमणकर्ता को तत्काल नहर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप अतिक्रमणकर्ता ने स्वयं अतिक्रमण हटा लिया। इसके बाद नहर का सुधार कार्य भी कराया गया, जिससे जल प्रवाह पुनः सुचारु हो सके। नहर के पुनर्संचालन से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा से खेती की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समस्या का समयबद्ध निराकरण होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।





















