घटनास्थल पर BNSS की धारा 163 लागू, 300 मीटर क्षेत्र में निषेधाज्ञा प्रभावी

कोरिया/बैकुंठपुर। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बीच मंगलवार देर रात भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह पर उनके साथियों सहित घात लगाकर हमला किया गया। हमलावरों ने फॉर्च्यूनर वाहन के आगे-पीछे भारी वाहन लगाकर रास्ता रोका, वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी तथा बाहर निकलने वालों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया।घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 190, 191(2), 191(3), 109, 324, 103(1) एवं 326 के तहत 9 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। अब तक चार आरोपियों अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

जिला दण्डाधिकारी ने लागू की धारा 163

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी रोक्तिमा यादव ने 17 जून 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार बैकुंठपुर के महलपारा स्थित खेरवार घाट तथा घटनास्थल के 300 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के धरना, प्रदर्शन, सभा, जुलूस, नारेबाजी, हथियार लेकर चलने तथा भड़काऊ पोस्टर या सामग्री के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। हालांकि शासकीय कार्यों के लिए अधिकृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इससे छूट प्रदान की गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे ने संचार टुडे सीजीएमपी न्यूज से चर्चा में बताया कि मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) स्वयं पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं शांति पूरी तरह बनी रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!