

भुवनेश्वर: भारत में स्लिंगशॉट खेल को बढ़ावा देने वाली राष्ट्रीय संस्था एलीट स्लिंगशॉट फेडरेशन ऑफ इंडिया (ईएसएफआई) के वर्ष 2026-2030 कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया 14 जून को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित उत्कल कराटे स्कूल में आयोजित जनरल बॉडी मीटिंग के दौरान संपन्न हुई।
फेडरेशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार चुनाव राष्ट्रीय खेल शासन ढांचा और खेल नीति-2025 के प्रावधानों के अनुरूप लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत आयोजित किए गए। इस दौरान देशभर की संबद्ध राज्य इकाइयों के प्रतिनिधि और इलेक्टोरल कॉलेज के सदस्य मौजूद रहे।चुनाव अधिकारी एडवोकेट सुशील कुमार प्रधान ने नई कार्यकारिणी के निर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। इसके तहत आंध्र प्रदेश के के. सुकांत राव को अध्यक्ष चुना गया, जबकि छत्तीसगढ़ के चंदन टोप्पो को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।नई कार्यकारिणी में ओडिशा के सपन कुमार मिश्रा महासचिव, तमिलनाडु की ऐश्वर्या थिरुमलैराज संयुक्त सचिव तथा ओडिशा की सस्मिता होटा कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं।फेडरेशन ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों के रूप में हिमाचल प्रदेश के रणधीर सिंह और आंध्र प्रदेश के दानेश्वर राव को पुरुष वर्ग में, जबकि उत्तर प्रदेश की सुनीता जोशी और छत्तीसगढ़ की राजकुमारी तिर्की को महिला वर्ग में सम्मानित किया है।इसके अलावा महाराष्ट्र के दीपक धनाजी शिर्के बिहार के विवेक वैभव पश्चिम बंगाल के अविजीत पॉल और हरियाणा के राहुल को कार्यकारी सदस्य चुना गया। वहीं राजस्थान के रवि राव और झारखंड के बिरसा मुंडा को एथलीट प्रतिनिधि के रूप में शामिल किया गया है।नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने खेल नीति-2025 के उद्देश्यों के अनुरूप संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, खिलाड़ियों के विकास, जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने और देशभर में स्लिंगशॉट खेल के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता जताई है।
गौरतलब है कि एलीट स्लिंगशॉट फेडरेशन ऑफ इंडिया, वर्ल्ड स्लिंगशॉट एसोसिएशन से संबद्ध है और कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा-8 के तहत पंजीकृत संस्था है। फेडरेशन का उद्देश्य स्लिंगशॉट को भारत में एक संगठित, प्रतिस्पर्धी और लोकप्रिय खेल के रूप में स्थापित करना है।





















