बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिलेभर के विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। शाला प्रवेश उत्सव के प्रथम दिवस विभिन्न विद्यालयों में अधिकारियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा नवप्रवेशी बच्चों का पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। अधिकारियों ने पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। नवप्रवेशी बच्चों के चेहरे पर विद्यालय से जुड़ने की खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।

शिक्षकों एवं पालकों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं पालकों की सहभागिता भी देखने को मिली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी शिक्षा में सहयोग करने का संकल्प लिया।

शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। जिले में आयोजित इस उत्सव के माध्यम से विद्यालयों में बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह के साथ नए शैक्षणिक सत्र की सकारात्मक शुरुआत हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!