

दांबुला। भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों श्रीलंका दौरे पर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में श्रीलंका ए के खिलाफ मुकाबले के बाद मैदान पर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब वैभव का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और पहले वनडे कप्तान Anura Tennekoon के पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं।
पूर्व कप्तान से लिया आशीर्वाद
वायरल वीडियो में वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका के पूर्व कप्तान अनुरा टेनेकुन के प्रति सम्मान जताते हुए उनके पैर छूते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि भारत ए और श्रीलंका ए के बीच मैच के दौरान टेनेकुन दांबुला में मौजूद थे और उन्होंने युवा भारतीय बल्लेबाज से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान टेनेकुन ने वैभव को प्रेरणादायक सलाह देते हुए कहा कि लोगों की बातों पर ध्यान देने के बजाय अपने लक्ष्य पर फोकस करना चाहिए। उनकी यह सलाह अब सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा बटोर रही है।
मैदान पर हुआ था विवाद
इससे पहले सुपर ओवर में भारत ए की हार के बाद वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस का वीडियो सामने आया था। बताया जाता है कि मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
वायरल वीडियो में वैभव एक खिलाड़ी को धक्का देते दिखाई देते हैं, जिसके जवाब में दूसरे खिलाड़ी भी प्रतिक्रिया देते हैं। हालांकि, दोनों टीमों के अन्य खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया।
मैच में कैसा रहा प्रदर्शन?
भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल सके। उन्होंने 14 गेंदों का सामना करते हुए 21 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा।
श्रीलंका में जारी त्रिकोणीय श्रृंखला में अब तक वैभव अर्धशतक का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं। हालांकि, युवा बल्लेबाज से आगे के मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
विवाद और सम्मान दोनों बने चर्चा का विषय
एक ओर मैदान पर हुए विवाद ने वैभव को सुर्खियों में ला दिया, वहीं पूर्व कप्तान के प्रति सम्मान दिखाने वाले उनके व्यवहार ने क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया पर कई लोग इस वीडियो की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति और खेल भावना का उदाहरण बता रहे हैं।





















