बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक के पास अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया वही उसके साथी को हल्की चोटें आई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम करजी निवासी सुधराम टेकाम (45 वर्ष), पिता भीकू टेकाम अपनी बाइक से राजपुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्टेट बैंक के सामने बकसपुर रोड की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने पीछे से उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना सोमवार की शाम लगभग 5 बजे की बताई जा रही है।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 एवं 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है तथा अज्ञात ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!