छत्तीसगढ़ : क्रिकेट के लिए जून का महीना लगातार खुशखबरी लेकर आ रहा है। हाल ही में इंडिया ए पुरुष टीम में आयुष पांडेय के चयन के बाद अब राजनांदगांव की युवा क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय महिला अंडर-19 टीम में जगह मिली है। उनका चयन श्रीलंका दौरे पर होने वाली टी-20 सीरीज के लिए किया गया है।

छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) से मिली जानकारी के अनुसार, महक नरवासे लंबे समय से राज्य क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करती आ रही हैं। वह छत्तीसगढ़ की अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन का ही परिणाम है कि अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।

राजनांदगांव की रहने वाली महक वर्तमान में बेंगलुरु स्थित National Cricket Academy में प्रशिक्षण ले रही हैं, जहां वह अपनी तकनीक और खेल कौशल को और निखार रही हैं।

भारत और श्रीलंका के बीच महिला अंडर-19 टी-20 सीरीज 22 जून से शुरू होने जा रही है। इस प्रतिष्ठित श्रृंखला में महक भारतीय टीम की जर्सी पहनकर मैदान में उतरेंगी। उनके चयन से न केवल राजनांदगांव बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।

खेल प्रेमियों और क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि महक अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपने प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी। उनका चयन राज्य की युवा महिला खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आया है, जो क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देख रही हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!