

सूरजपुर: जिले में राजस्व विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुविभागों एवं तहसीलों में लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर करना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा समय-सीमा से बाहर कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
कलेक्टर ने न्यायालयवार राजस्व मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख सुधार, भू-अर्जन, पट्टा वितरण एवं अभिलेख दुरुस्तीकरण सहित विभिन्न मामलों की समीक्षा की। साथ ही लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों एवं मांगों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।





















