बीजापुर:  नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के पीडिया क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी ने बड़ी सफलता हासिल की है। सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने 3 आईईडी और 2 नक्सली डंप बरामद करते हुए विस्फोटक निर्माण एवं अन्य उपयोगी सामग्री जब्त की है।

जानकारी के अनुसार 07 जून 2026 को प्राप्त आसूचना के आधार पर कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन एवं द्वितीय कमान अधिकारी कुमार नीरज की देखरेख में एफ/199 कंपनी द्वारा हर्रा/अर्रा (पीडिया) गांव के घने जंगलों में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। कंपनी कमांडर के.बी. पांडा के नेतृत्व में जवानों ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध सर्च ऑपरेशन संचालित किया।

अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 3 आईईडी और 2 नक्सली डंप मिले। डंप से आईईडी निर्माण में उपयोग होने वाला गन पाउडर, जिलेटिन स्टिक, कमर्शियल डेटोनेटर सहित 15 मेडिकल सामग्री समेत कुल 21 प्रकार की वस्तुएं बरामद की गईं। अधिकारियों के अनुसार यह सामग्री नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से छिपाकर रखी गई थी।

सुरक्षाबलों ने पूरे अभियान के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरती, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि हर्रा/अर्रा और आसपास का इलाका पहले नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता था, लेकिन लगातार चल रहे सुरक्षा अभियानों के कारण क्षेत्र में नक्सल प्रभाव में लगातार कमी आई है।

सीआरपीएफ की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और मजबूत हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और विकास सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी आसूचना आधारित अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रखा जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!