

अंबिकापुर: सरगुजा जिले की कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी के चार मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दोरना निवासी कमल राज यादव ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 5 जून को अपनी भाभी का इलाज कराने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 CJ 9557 से श्रीराम हॉस्पिटल अंबिकापुर गया था। अस्पताल के बाहर बाइक खड़ी कर अंदर जाने के बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की बाइक लेकर रामानुजगंज नाका से शंकरघाट की ओर जाते देखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने रजपुरी निवासी मुकेश चेरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ बाइक चोरी करना स्वीकार किया तथा बाइक को मायापुर स्थित रूनझून तालाब के पास छिपाकर रखने की जानकारी दी।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी मुकेश चेरवा (26 वर्ष), निवासी बरपारा रजपुरीखुर्द, थाना कोतवाली अंबिकापुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के चार मामले दर्ज हैं और उसे उन मामलों में चालान किया जा चुका है। इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, प्रधान आरक्षक राजेश चतुर्वेदी, आरक्षक विवेक रॉय तथा अमित विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















