गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में कोटमी में हुए चर्चित सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड में पेंड्रा पुलिस और साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। मृतक के परिजनों को व्हाट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजने वाले आरोपी प्रियांशु सिंह (26 वर्ष) को पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पेंड्रा थाने में एफआईआर दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या के बाद उनके छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया था। मैसेज में आरोपी ने प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या करने की बात लिखी थी और परिवार को धमकाने की कोशिश की थी। संदेश में मृतक के बेटे को लेकर भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। साथ ही लिखा गया था, “आपको जो करना है कर लेना।” हालांकि कुछ देर बाद उसी चैट में आरोपी ने माफी भी मांग ली थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पेंड्रा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर ट्रेस किया गया और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) व लोकेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई। इसके बाद पुलिस ने अंबिकापुर से आरोपी प्रियांशु सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी का कोटमी सराफा हत्याकांड से सीधा संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच जारी है।

आईजी ने यह भी कहा कि आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। डॉक्टरों की रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने यह मैसेज लोगों को गुमराह करने या मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के उद्देश्य से भेजा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!