कोरिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के मार्गदर्शन में मंगलवार को तनाव प्रबंधन विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, तनावमुक्त कार्य वातावरण को बढ़ावा देना तथा सकारात्मक सोच के माध्यम से कार्यक्षमता में वृद्धि करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रेरक वक्ता, कॉमर्स गुरु एवं गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित डॉ. संतोष कुमार राय उपस्थित रहे। उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास तथा व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए बताया कि जीवन और कार्यक्षेत्र में आने वाली चुनौतियों का सामना सकारात्मक दृष्टिकोण एवं मानसिक संतुलन के साथ किया जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ. विकास शर्मा एवं दीपेश पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संतुलित जीवनशैली, नियमित दिनचर्या और सकारात्मक सोच को तनाव से मुक्ति का प्रभावी माध्यम बताया।

कार्यक्रम में एमआईएस प्रशासक आशीष साहू, प्रधान पाठक  सुधा गुप्ता, शिक्षक सूर्य प्रकाश तिवारी एवं श्वेता सोनी की विशेष उपस्थिति रही। वहीं पुलिस विभाग की ओर से डीएसपी मुख्यालय श्याम मधुकर, डीएसपी राजेश साहू, रक्षित निरीक्षक विपुल जांगड़े, रक्षित निरीक्षक नीतीश आर. नायर सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने तनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञों से संवाद भी किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर डॉ. सुरेशा चौबे ने कहा कि पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मानसिक रूप से स्वस्थ और तनावमुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है। सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और संतुलित जीवनशैली न केवल व्यक्तिगत विकास में सहायक होती है, बल्कि कार्यक्षमता एवं जनसेवा की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाती है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!