

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में किन्नरों के दो गुटों के बीच चल रहे विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। पैसे और नाच-गाने के काम को लेकर हुए विवाद के बाद एक गुट के सदस्यों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ में किन्नरों के दो अलग-अलग गुट सक्रिय हैं। एक गुट का नेतृत्व पूर्व महापौर मधुबाई किन्नर करती हैं, जबकि दूसरा गुट कुंतीबाई किन्नर का है। बताया जा रहा है कि रविवार को ग्राम जोरापाली में दोनों गुटों के बीच पैसे मांगने को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। घटना के बाद दोनों पक्ष कोतरा रोड थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।इसी बीच रविवार देर शाम मधुबाई गुट के सदस्यों के साथ फिर से मारपीट की घटना सामने आई। मिठूमुड़ा राजीव गांधी नगर निवासी संध्या नामक ट्रांसजेंडर ने जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। संध्या ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों मधुबाई, पल्लवी सुमन, जोया, राधिका, शिल्पा और कोमल के साथ जन्मदिन एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में बधाई देने और नाच-गाने का कार्य करती है।शिकायत के अनुसार, पिछले करीब 20 दिनों से कुनाल निराला, नागमणी किन्नर, स्वीटी किन्नर और गोपीबाई किन्नर नाच-गाने के काम को लेकर उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे तथा गाली-गलौज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
संध्या का आरोप है कि रविवार शाम उक्त चारों आरोपी उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस घटना में संध्या, पल्लवी और सुमन को चोटें आई हैं।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कुनाल निराला, नागमणी किन्नर, स्वीटी किन्नर और गोपीबाई किन्नर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















