

राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार तुषार मानिक से मारपीट के आरोप पर कार्रवाई की मांग, 1 से 3 जून तक काली पट्टी लगाकर विरोध का ऐलान
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ की सरगुजा इकाई ने राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार के मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो एवं उनके समर्थकों के विरुद्ध त्वरित, निष्पक्ष एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि 27 मई 2026 को राजापुर उप तहसील में हुई घटना से जिले के प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों में गहरा आक्रोश और असंतोष व्याप्त है। संघ का कहना है कि यह घटना केवल एक अधिकारी की गरिमा और सुरक्षा पर हमला नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र के मनोबल को प्रभावित करने वाली है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद दोषियों के विरुद्ध अपेक्षित वैधानिक कार्रवाई नहीं होने से अधिकारियों और कर्मचारियों में अविश्वास की स्थिति उत्पन्न हो रही है।छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ, सरगुजा इकाई ने निर्णय लिया है कि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर 1 जून से 3 जून 2026 तक सभी अधिकारी एवं कर्मचारी काली पट्टी लगाकर नियमित शासकीय कार्य करते हुए शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में भी कार्रवाई नहीं होती है तो इसके बाद दो दिन का सामूहिक अवकाश लेकर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ का समर्थन किया जाएगा।
संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले में शामिल दोषियों के विरुद्ध शीघ्र, निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा और सम्मान बना रहे।





















