

अंबिकापुर: सरगुजा संभाग के सबसे बड़े एवं एकमात्र स्वशासी महाविद्यालय राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया 1 जून 2026 से प्रारंभ कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है।
महाविद्यालय द्वारा प्रवेश से संबंधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वर्तमान में सभी संकायों के स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं स्वशासी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अन्य कक्षाओं के प्रवेश संबंधी निर्देश भी क्रमशः जारी किए जाएंगे।महाविद्यालय में कला, विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर एवं विधि सहित विभिन्न विषयों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं कौशल विकास के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। परिसर में आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं, खेल सुविधाएं तथा डिजिटल शिक्षण संसाधन उपलब्ध हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कर अपने इच्छित पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान करते हुए रोजगारोन्मुख एवं समाजोपयोगी शिक्षा उपलब्ध कराना है।प्रवेश, मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा करने संबंधी समस्त जानकारी महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं सूचना पट्ट पर समय-समय पर प्रदर्शित की जाएगी। प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।





















