

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 क्विंटल गांजा बरामद किया है। अंतरराज्यीय तस्करी के इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत, वाहन, मोबाइल और नकदी समेत कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि महाराष्ट्र नंबर की एक टाटा माजदा वाहन (MH-46 CU-6060) में कंपनी के मशीनरी सामान की आड़ में भारी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के मुरमुरी चौक में वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम महबूब बादशाह शेख (65 वर्ष) निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) बताया।तलाशी के दौरान वाहन में रखे मशीनरी के बड़े-बड़े कार्टूनों और अन्य सामान के नीचे तथा पीछे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं। प्रत्येक बोरी में 25-25 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। इस तरह कुल 600 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह खेप ओडिशा के बौद्ध जिले से लेकर महाराष्ट्र के ठाणे जिले पहुंचाने जा रहा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संगठित तस्करी नेटवर्क के संकेत मिले हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तस्करों ने वाहन को काले रंग की त्रिपाल से ढंक रखा था, जिससे वह सामान्य मालवाहक वाहन दिखाई दे। अधिकारियों के मुताबिक, मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल गिरोह लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। हाल के समय में एंबुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स वाहन, मालवाहक ट्रक, कपड़ा फेरी वाहन, ट्रेवल्स बसों और गुप्त चैंबर वाले वाहनों का इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा है।
गौरतलब है कि महासमुंद पुलिस ने इससे पहले भी 8 मई को एंबुलेंस से 77 किलोग्राम तथा 7 मई को एक पिकअप वाहन से करीब 1.14 करोड़ रुपये मूल्य का गांजाबरामद किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस की मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्ती साफ दिखाई दे रही है।





















