नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग क्षेत्र में रविवार सुबह प्रशासन ने बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया। सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत करीब 300 मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान रात से ही मौके पर तैनात रहे।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई आउटर रिंग रोड से आजादपुर मंडी को जोड़ने वाली सड़क के विस्तार के लिए की जा रही है। प्रभावित क्षेत्र में कई पुराने और बहुमंजिला मकान बने हुए हैं, जिन्हें सड़क निर्माण कार्य में बाधा माना गया है।प्रशासन द्वारा प्रभावित मकान मालिकों और निवासियों को पहले ही नोटिस जारी कर 30 मई तक मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद रविवार को ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया।बताया जा रहा है कि कुछ निवासियों ने इस कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी राहत की मांग की थी, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिल सकी। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई को अमल में लाया।

कई परिवारों ने पहले ही अपने घर खाली कर दिए थे और सामान भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था, जबकि कुछ मकानों में अभी भी लोगों का सामान मौजूद बताया जा रहा है। प्रशासन की निगरानी में ध्वस्तीकरण का कार्य जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!