

बलरामपुर। बलरामपुर वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी की पहल पर वन क्षेत्र के विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) परिवारों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजपुर रेंज अंतर्गत ग्राम जवा खाड़, अखोरा पंचायत में सूकर पालन योजना के तहत हितग्राहियों को उन्नत नस्ल के सूकर पशुओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा द्वारा अरविंद कोरवा सहित 9 सदस्यीय स्व-सहायता समूह को सूकर पालन के लिए 1 नर एवं 3 मादा सहित कुल 4 उन्नत नस्ल के सूकर प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर वन प्रबंधन समिति अखोरा द्वारा 18 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। हितग्राहियों को यह राशि आसान किश्तों में लौटाने की सुविधा दी गई है, जिसके तहत वे प्रति माह 500 रुपये जमा करेंगे।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्राधिकारी राजपुर अजय कुमार वर्मा, वनअमला, बीट गार्ड रेवतपुर, अखोरा सरपंच सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की योजनाओं के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।





















