अंबिकापुर:  सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन से कथित बदसलूकी के आरोप में कुछ लोगों ने राजापुर उपतहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में अधिकारी के कपड़े भी फट गए। घटना के बाद नायब तहसीलदार शिकायत दर्ज कराने सीतापुर थाने पहुंचे, जहां मामले को लेकर देर तक हलचल बनी रही।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने 14 मई को राजापुर उपतहसील कार्यालय में एक फाइल जमा की थी। उनका कहना है कि फाइल पूरी तरह तैयार होने के बावजूद कई दिनों तक उस पर हस्ताक्षर नहीं किए गए और लगातार टालमटोल किया जाता रहा।बुधवार को सीमा धनकी दोबारा उपतहसील कार्यालय पहुंचीं और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी से फाइल पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस दौरान नायब तहसीलदार ने उनसे अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि “तुम हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली कौन होती हो, जाकर मैनपाट से करा लो।” साथ ही कर्मचारियों से उन्हें कार्यालय से बाहर निकालने के लिए भी कहा गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक समर्थकों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि कुछ समर्थकों ने नायब तहसीलदार को कार्यालय से बाहर सड़क पर लाकर मारपीट की। इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। घटना के बाद नायब तहसीलदार सीधे सीतापुर थाने पहुंचे ।इधर, मामले की सूचना मिलने पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी थाने पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!